जुबीन गर्ग मौत मामला : त्वरित सुनवाई के लिए विशेष अदालत का गठन, रोजाना होगी सुनवाई
Munesh Kumar Shukla Thu, Mar 19, 2026
बॉलीवुड सिंगर जुबीन गर्ग की मौत के मामले में अब तक स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है। इस बीच मामले में तेजी लाने के लिए असम सरकार ने अहम कदम उठाया है।
गुवाहाटी उच्च न्यायालय ने बक्सा की जिला न्यायाधीश शर्मिला भुयान को इस केस की सुनवाई के लिए विशेष त्वरित सत्र न्यायालय की अध्यक्षता करने की जिम्मेदारी सौंपी है। इस अदालत में मामले की रोजाना सुनवाई होगी, जिससे न्याय प्रक्रिया को तेज किया जा सके।
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने इस फैसले का स्वागत करते हुए गुवाहाटी हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति आशुतोष कुमार का आभार जताया। उन्होंने इसे जुबीन गर्ग को न्याय दिलाने की दिशा में एक बड़ा और महत्वपूर्ण कदम बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह फैसला न्यायिक प्रक्रिया को गति देगा और समय पर न्याय सुनिश्चित करने की सरकार की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगा।
दरअसल, फरवरी में राज्य कैबिनेट ने इस संवेदनशील मामले की त्वरित सुनवाई के लिए विशेष अदालत गठित करने को मंजूरी दी थी। सरकार का मानना है कि यह मामला न सिर्फ संवेदनशील है, बल्कि इसका असर कानून-व्यवस्था और शासन की विश्वसनीयता पर भी पड़ सकता है।
कैबिनेट के फैसले के तहत बीएनएसएस, 2023 की धारा 346(1) के प्रावधानों के अंतर्गत विशेष सत्र न्यायालय के गठन का प्रस्ताव गुवाहाटी हाईकोर्ट को भेजा गया था, जिसे अब मंजूरी मिल गई है।
विज्ञापन