कानपुर : रिटायर फौजी ने पत्नी और बेटे की हत्या के बाद की खुदकुशी
Munesh Kumar Shukla Mon, Feb 16, 2026
कानपुर में दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। एक सेवानिवृत्त फौजी ने अपनी पत्नी, बेटे को गोली मार दी। इसके बाद खुद रेलवे ट्रैक पर जाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र के तुलसियापुर गांव में सोमवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। सेवानिवृत्त फौजी 55 वर्षीय चेतराम पासवान ने अपनी 45 वर्षीय पत्नी सुनीता और 16 वर्षीय बेटे दीप को घर के अंदर गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद घर के मुख्य गेट पर बाहर से ताला डालकर करीब तीन किलोमीटर दूर कठोंगर गांव के पास भाऊ रेलवे ट्रैक पर पहुंचा और ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। मालगाड़ी के चालक ने सुबह 5:55 बजे आरपीएफ को शव ट्रैक पर पड़े होने की सूचना दी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की तो पास में एक बाइक मिली। बाइक का नंबर हंसपुरम स्थित आवास विकास कॉलोनी के पते पर दर्ज था। इसके आधार पर पुलिस घर पहुंची, जहां अंदर पत्नी और बेटे के शव पड़े मिले। पुलिस के अनुसार घटना में डबल बैरल बंदूक का प्रयोग किया गया। पत्नी को एक गोली और बेटे को दो गोली मारी गई। एक कारतूस बंदूक में फंसा मिला। पुलिस का अनुमान है कि पत्नी और बेटे की हत्या तड़के तीन से चार बजे के बीच की गई। घटना के बाद गांव बखरिया में चेतराम पर भारी कर्ज होने की चर्चा तेज हो गई। बड़े भाई रामबाबू ने बताया कि चेतराम पर कुछ लोगों का कर्ज था। इसके चलते उन्होंने करीब आठ-दस दिन पहले एक बीघा खेत 12 लाख रुपये में बेचा था। ग्रामीणों के मुताबिक करीब एक साल से उन पर कर्ज की बात सामने आ रही थी। हालांकि कर्ज के कारणों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं, जिनकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। चेतराम के पिता अयोध्या प्रसाद की हालत बिगड़ गई और वह कई बार अचेत हो गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि पारिवारिक विवाद और आर्थिक कारणों समेत सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज और पड़ोसियों के बयानों को भी रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया है ताकि घटना के पूरे घटनाक्रम का पता लगाया जा सके। प्रशासन ने गांव में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात कर दी है। स्थानीय समाजसेवकों और पंचायत प्रतिनिधियों ने भी परिवार को सांत्वना दी और ग्रामीणों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें।
विज्ञापन