LPG : PNG कनेक्शन वालों के लिए नया नियम: घर में LPG सिलेंडर नहीं रख सकेंगे
Munesh Kumar Shukla Sun, Mar 15, 2026
अगर आपके घर में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) का कनेक्शन है, तो यह खबर आपके लिए अहम है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने शनिवार को एक नया आदेश जारी किया है। इसके तहत अब एक ही घर में PNG और घरेलू LPG सिलेंडर दोनों रखने की अनुमति नहीं होगी।
नए नियम के मुताबिक जिन परिवारों के पास पहले से PNG कनेक्शन है और साथ में LPG सिलेंडर भी है, उन्हें अपना घरेलू LPG कनेक्शन सरेंडर करना होगा। इसके बाद वे सरकारी तेल कंपनियों से सिलेंडर की रीफिलिंग भी नहीं करा पाएंगे।
सरकार ने यह फैसला मौजूदा अंतरराष्ट्रीय हालात और ईंधन आपूर्ति पर पड़ रहे असर को देखते हुए लिया है। मध्य पूर्व में जारी तनाव के कारण गैस सप्लाई पर दबाव बढ़ गया है। भारत अपनी जरूरत का करीब 60 प्रतिशत LPG आयात करता है, जिसमें बड़ा हिस्सा खाड़ी देशों से आता है। सप्लाई चेन में आ रही बाधाओं को देखते हुए सरकार गैस का संतुलित वितरण सुनिश्चित करना चाहती है।
नए निर्देशों के अनुसार अब उन उपभोक्ताओं को भी नया LPG कनेक्शन नहीं दिया जाएगा, जिनके घर में पहले से PNG कनेक्शन मौजूद है। सरकार ने साफ किया है कि PNG उपयोगकर्ताओं को सरकारी तेल कंपनियों या उनके डिस्ट्रीब्यूटर्स से LPG सिलेंडर लेने की अनुमति नहीं होगी।
सरकार का कहना है कि इस कदम का मकसद मौजूदा परिस्थितियों में गैस की उपलब्धता को बेहतर तरीके से प्रबंधित करना और जरूरतमंद उपभोक्ताओं तक इसकी आपूर्ति सुनिश्चित करना है।
विज्ञापन