जोमैटो : जोमैटो ने बढ़ाया प्लेटफॉर्म शुल्क, स्विगी से टक्कर के बीच ग्राहकों पर बढ़ा बोझ
Munesh Kumar Shukla Fri, Mar 20, 2026
फूड डिलीवरी सेक्टर में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच जोमैटो ने अपने यूजर्स के लिए प्लेटफॉर्म शुल्क में इजाफा कर दिया है। ऐप पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, अब प्रति ऑर्डर लिया जाने वाला शुल्क 12.50 रुपये से बढ़ाकर 14.90 रुपये कर दिया गया है (जीएसटी से पहले)। यह बढ़ोतरी सितंबर 2025 के बाद एक और वृद्धि है।
वहीं, इसकी प्रतिद्वंदी कंपनी स्विगी भी लगभग समान शुल्क संरचना का पालन कर रही है। टैक्स समेत स्विगी फिलहाल करीब 14.99 रुपये प्रति ऑर्डर प्लेटफॉर्म शुल्क ले रही है। आमतौर पर दोनों कंपनियां कीमतों को लेकर एक जैसा रुख अपनाती हैं।
इसी बीच, फूड डिलीवरी बाजार में नया बदलाव देखने को मिला है। शहरी मोबिलिटी स्टार्टअप रैपिडो ने हाल ही में बेंगलुरु में अपनी नई फूड डिलीवरी सेवा ‘ओनली’ लॉन्च की है। कंपनी का दावा है कि वह डिलीवरी चार्ज के अलावा ग्राहकों या रेस्टोरेंट्स से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लेगी।
रैपिडो के इस कदम से मौजूदा कंपनियों पर दबाव बढ़ सकता है, खासकर तब जब ग्राहक पहले से ही अलग-अलग शुल्कों को लेकर नाराजगी जता रहे हैं। वहीं, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का असर भी इस सेक्टर पर साफ दिखाई दे रहा है, जिससे डिलीवरी कॉस्ट बढ़ रही है।
ऐसे में प्लेटफॉर्म शुल्क में यह बढ़ोतरी सीधे तौर पर ग्राहकों के कुल बिल पर असर डालेगी, भले ही बाजार में प्रतिस्पर्धा लगातार तेज होती जा रही हो।
विज्ञापन