उन्नाव : नहर में मिला अज्ञात महिला का शव पुलिस ने पोस्टमार्टम को भेजा
Thu, Mar 5, 2026
उन्नाव जिले के अजगैन कोतवाली क्षेत्र के मुड़ेरा गांव के पास गुरुवार को नहर में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे, तभी उनकी नजर नहर में पड़े शव पर पड़ी। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।ग्रामीणों के अनुसार, मुड़ेरा गांव के बाहर बहने वाली नहर में पानी के बीच एक महिला का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। शव की हालत देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि वह कई दिनों पुराना है। महिला ने लाल रंग का कुर्ता और लाल सलवार पहन रखा था। ग्रामीणों ने बताया कि शव की स्थिति को देखते हुए यह संभावना जताई जा रही है कि महिला का शव कहीं और से बहकर यहां पहुंचा हो।घटना की जानकारी मिलते ही अजगैन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाकर पंचनामा भरने के बाद जिला अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी सुरेश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि शव नहर के पानी के साथ बहकर यहां आया है। अभी तक मृत महिला की पहचान नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि आसपास के थानों को भी सूचना भेजी गई है ताकि लापता महिलाओं के आधार पर पहचान की जा सके।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस महिला की शिनाख्त कराने और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।
उन्नाव पुलिस : हुड़दंगियों ने पुलिस की गाड़ी तोड़ी ।
Wed, Mar 4, 2026
अचलगंज उन्नाव
उन्नाव के अचलगंज थानाक्षेत्र के अंतर्गत हड़हा में जुआ खेलने के दौरान झगड़े और नशेबाजी की सूचना पर पहुंची पुलिस और हुड़दंगियों में हुई तीखी झड़प।
पुलिस के कई सिपाहियो को आई चोटे, कई गाड़ियो के शीशे टूटे,अतिरिक्त फ़ोर्स बुलाकर स्थिति को किया गया नियंत्रण।
उन्नाव : उन्नाव में ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की मौत
Tue, Mar 3, 2026
उन्नाव के पुरवा में होली से ठीक पहले मंगलवार को एक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक अजीत की मौत हो गई। इस घटना में उसका चचेरा भाई विकास गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा सोमवार रात जाफरखेड़ा के पास हुआ जब एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
अजीत अपने चचेरे भाई विकास के साथ बाइक से पुरवा आ रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पुरवा पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।जिला अस्पताल से ट्रामा सेंटर ले जाते समय रास्ते में अजीत ने दम तोड़ दिया। विकास का इलाज अभी भी जारी है और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
अजीत की मौत की खबर मिलते ही सैदपुर गांव में मातम छा गया। परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मां फूल दुलारी और भाई-बहन दिनेश व चांदनी का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में होली के त्योहार की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब शोक का माहौल है।कोतवाल अमरनाथ यादव ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ट्रैक्टर चालक की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।