लखनऊ : ट्रेडिंग के नाम पर 7.12 लाख की ठगी, IPO मुनाफे का झांसा देकर किया फ्राड।
Munesh Kumar Shukla Mon, Feb 9, 2026
लखनऊ: साइबर ठगों ने शेयर ट्रेडिंग और IPO में मोटे मुनाफे का लालच देकर एक युवक से लाखों रुपए ठग लिए। पीड़ित की शिकायत पर गुडम्बा थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जानकीपुरम श्याम एन्क्लेव निवासी मयंक श्रीवास्तव के मुताबिक 8–9 दिसंबर को उनके पास एक कॉल आई, जिसमें उन्हें ट्रेडिंग से जुड़े व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़ने की बात कही गई। ग्रुप में शामिल होने के बाद ठगों ने उनका ट्रेडिंग अकाउंट खुलवाया। पहले 5 हजार रुपये जमा कराए। अगले दिन अकाउंट में मुनाफा दिखाया गया, जिससे उनका भरोसा बन गया। इसके बाद अलग-अलग बैंक खातों में किश्तों में कुल 7 लाख 12 हजार 500 रुपये जमा कराए गए। ठगों ने IPO में निवेश कराने की बात कही और अकाउंट में 1 करोड़ रुपये की जीत दिखाई। जब पीड़ित ने रकम निकालने की मांग की तो ठगों ने 20 लाख रुपये और जमा करने की शर्त रख दी। शक होने पर पीड़ित ने SEBI से जानकारी ली, जहां बताया गया कि उनके साथ फ्रॉड हुआ है। इसके बाद 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई गई, जिस पर कार्रवाई करते हुए अलग-अलग खातों में भेजी गई 3 लाख 47 हजार रुपए होल्ड हो गए। पीड़ित ने बताया कि व्हाट्सऐप ग्रुप का नाम Steady Hain Group है। जिसका एडमिन काव्या गोडबोले बताया गया है। अकाउंट मैनेजर राघवन नारायणन नाम से संपर्क में था। ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों का पूरा विवरण पुलिस को सौंप दिया गया है। गुडम्बा पुलिस के मुताबिक तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साइबर सेल की मदद से खातों और आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन