लखनऊ : लखनऊ में एलडीए की बड़ी कार्रवाई: 40 बीघा में अवैध प्लाटिंग ध्वस्त
Munesh Kumar Shukla Sat, Feb 21, 2026
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अवैध निर्माण और प्लाटिंग के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई की है। शुक्रवार को एलडीए ने लगभग 40 बीघा क्षेत्रफल में विकसित की जा रही आठ अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया। ये कार्रवाई गोसाईगंज, सैरपुर और काकोरी क्षेत्रों में की गई। इसके साथ ही हजरतगंज के डालीबाग इलाके में एक अवैध व्यावसायिक निर्माण को भी सील कर दिया गया। प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह ने बताया कि गोसाईगंज के ग्राम कासिमपुर बिरूहा में चांद सराय क्रॉसिंग के पास लगभग 10 बीघा क्षेत्रफल में अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। यह प्लाटिंग बिना ले-आउट स्वीकृति के की जा रही थी। मौके पर एलडीए की टीम ने पहुंचकर इस अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, इस अवैध प्लाटिंग में राजेन्द्र श्रीवास्तव समेत अन्य लोगों का हाथ था। इसी दौरान प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी अतुल कृष्ण सिंह ने बताया कि काकोरी के ग्राम इब्राहिमगंज, खुदाईंट और पलेंहदा में भी अभियान चलाया गया। यहां लगभग 20 बीघा क्षेत्रफल में अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। सोनू कनौजिया, छोटू, पप्पू लोधी, सोनू और प्रमोद यादव द्वारा कराई जा रही यह अवैध प्लाटिंग एलडीए ने ध्वस्त कर दी और जमीन को समतल करा दिया। प्रवर्तन जोन-4 के जोनल अधिकारी राजीव कुमार ने कहा कि सैरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पलहरी, बौरूमऊ और कोडरी भौली में भी अवैध प्लाटिंग के खिलाफ कार्रवाई की गई। यहां दीपू यादव, राजेश वर्मा, स्वरूप समेत अन्य के द्वारा लगभग 10 बीघा में अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। एलडीए ने यहां तीन अवैध प्लाटिंग ध्वस्त कर दी। इसके अलावा हजरतगंज के डालीबाग क्षेत्र में प्रवर्तन जोन-6 के प्रभाकर सिंह ने बताया कि अंकित शर्मा और अन्य द्वारा बटलर रोड पर लगभग 300 वर्गमीटर भूखंड पर तीन मंजिला अवैध व्यावसायिक कॉम्पलेक्स का निर्माण कराया जा रहा था। विहित न्यायालय के आदेश के तहत इसे सील कर दिया गया। एलडीए अधिकारियों ने साफ किया है कि बिना स्वीकृत ले-आउट के कोई भी प्लाटिंग या निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
विज्ञापन