सीएम बनने से पहले विजय का बड़ा संदेश : बोले- जनता का पूरा जनादेश मिलने के बाद ही लूंगा सरकारी सुविधाएं
Munesh Kumar Shukla Thu, May 7, 2026
तमिलनाडु की राजनीति में बड़ी जीत दर्ज करने वाले तमिलगा वेत्री कड़गम के प्रमुख जोसेफ विजय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले ही अपनी राजनीतिक शैली और संदेश साफ कर दिया है। विधानसभा चुनाव में शानदार जीत हासिल करने के बावजूद विजय ने मुख्यमंत्री स्तर के आधिकारिक सुरक्षा काफिले और सरकारी सुविधाओं को स्वीकार करने से इंकार कर दिया है।
पार्टी की ओर से गुरुवार को जारी बयान में बताया गया कि विजय ने व्यक्तिगत रूप से अनुरोध कर उन सुरक्षा वाहनों को वापस भेज दिया, जो मुख्यमंत्री पद के लिए तय प्रोटोकॉल का हिस्सा होते हैं। टीवीके ने अपने बयान में कहा कि विजय का मानना है कि वह तभी मुख्यमंत्री स्तर की सरकारी सुरक्षा और सुविधाएं स्वीकार करेंगे, जब जनता के स्पष्ट जनादेश के साथ औपचारिक रूप से सरकार का गठन हो जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, विधानसभा चुनाव में टीवीके को 108 सीटें मिलने के बाद 4 मई को विजय को सुरक्षा काफिले के चार वाहन आवंटित किए गए थे। हालांकि उनके अनुरोध पर इन वाहनों को उनके आवास से वापस भेज दिया गया। इस कदम को विजय की सादगी और राजनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।
इतना ही नहीं, 6 मई को जब विजय ने सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात की, तब भी उन्होंने किसी सरकारी वाहन का इस्तेमाल नहीं किया। हालांकि पुलिस ने उनके पनैयूर स्थित आवास और लोक भवन के बाहर सुरक्षा व्यवस्था तैनात की थी, लेकिन विजय ने पूरी तरह निजी व्यवस्था के जरिए राज्यपाल से मुलाकात की।
इस बीच राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने बुधवार को राज्य की 16वीं विधानसभा भंग कर दी। 234 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान 23 अप्रैल को हुआ था, जबकि चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित किए गए। चुनाव में विजय की पार्टी टीवीके ने बड़ा उलटफेर करते हुए सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम को सत्ता से बाहर कर दिया। टीवीके ने 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरते हुए सरकार बनाने का दावा पेश किया, जबकि डीएमके को केवल 59 सीटों पर संतोष करना पड़ा।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि विजय का यह कदम खुद को आम जनता से जुड़ा नेता दिखाने और पारंपरिक राजनीतिक संस्कृति से अलग पहचान बनाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
विज्ञापन