: मध्य प्रदेश में शिवराज ने कैसे खिला दिया कमल?
Fri, Dec 1, 2023
मध्य प्रदेश में बीजेपी क्लीन स्वीप करने जा रही है।यहां चार बार के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एक बार फिर सत्ता में वापसी कर सकते हैं। इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया एग्जिट पोल के अनुसार बीजेपी मध्य प्रदेश में जबरदस्त जनादेश के लिए तैयार है। हालांकि, नतीजे 3 दिसंबर को आएंगे, लेकिन उससे पहले एग्जिट पोल के रुझान ने सियासी समीकरण और गुणा-भाग की चर्चाओं को तेज कर दिया है।
कहा जा रहा है कि मध्य प्रदेश चुनाव में I.N.D.I.A गठबंधन में फूट होने से कांग्रेस और कमलनाथ को जबरदस्त नुकसान पहुंच रहा है। वहीं, बहुजन समाज पार्टी (चुनाव चिह्न हाथी) और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (चुनाव चिह्न आरी) ने रही-सही कसर पूरी कर दी। इन छोटे दलों के अलग-अलग चुनाव लड़ने से बीजेपी को फायदा पहुंचते देखा जा रहा है।
राज्य में 230 सीटें हैं और सरकार बनाने के लिए 116 सीटों की जरूरत होगी। इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया एग्जिट पोल के अनुसार, मध्य प्रदेश में सत्तारूढ़ बीजेपी प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने जा रही है। बीजेपी 140-162 सीटें जीत सकती है।
जबकि कमलनाथ के नेतृत्व में चुनाव लड़ रही कांग्रेस 68-90 सीटों के अनुमान के साथ काफी पीछे है। बीजेपी के लिए औसत सीट अनुमान 152 है और कांग्रेस के लिए 76 है।
: पीएम मोदी का दो दिन का दौरा क्यों है खास?
Fri, Dec 1, 2023
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दो दिनों के दौरे पर हैं। वह गुरुवार देर रात दुबई पहुंचे थे।
वह एक दिसंबर को क्लाइमेट चेंज को लेकर बेहद हाई प्रोफाइल समिट COP28 में शिरकत करेंगे। लेकिन उनका यह दो दिवसीय दौरा कई मायनों में बहुत खास है।
सीओपी28 समिट 30 नवंबर से 12 दिसंबर तक चलेगा। लेकिन इस बीच पीएम मोदी शुक्रवार शाम को ही भारत लौट आएंगे।
इन दो दिनों की अवधि में पीएम मोदी कई महत्वपूर्ण सत्रों को भी संबोधित करेंगे।
विदेश सचिव विनय क्वात्रा का कहना है कि पीएम मोदी वर्ल्ड क्लाइमेट एक्शन समिट के ओपनिंग सेशन को संबोधित करेंगे। वह इसके अलावा तीन उच्चस्तरीय कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे। इनमें से दो कार्यक्रमों की सह-अध्यक्षता भारत कर रहा है। इनमें पहला उच्चस्तरीय कार्यक्रम भारत और यूएई की संयुक्त मेजबानी में हो रहा है।
यह कार्यक्रम ग्रीन क्रेडिट प्रोग्राम पर आधारित है। इसे पर्यावरण मंत्रालय ने इस साल अक्टूबर में नोटिफाइड किया था। वहीं, दूसरे कार्यक्रम की मेजबानी भारत और स्वीडन मिलकर कर रहे हैं।
: बेंगलुरु के 15 स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी।
Fri, Dec 1, 2023
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में उस वक्त हड़कंप मच गया जब 15 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल पहुंचा। इसके बाद इन स्कूलों के छात्रों और अध्यापकों में डर बैठ गया। इन स्कूलों में से एक कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के आवास के सामने स्थित है।
डीके शिवकुमार ने संवाददाताओं से कहा, "मैं टीवी देख रहा था, मेरे घर के सामने वाले स्कूल को भी एक धमकी भरा मेल मिला। मैं यहां जांच करने आया था।
इसके बाद पुलिस को तुरंत सूचित किया गया और किसी भी संदिग्ध वस्तु की तलाश में स्कूलों की तलाशी ली गई।
साथ ही बम निरोधक दस्ते को उन सभी स्कूलों में भेज दिया गया है, जहां बम की धमकी मिली थी। जिन स्कूलों को ये धमकी मिली है उनमें व्हाइटफील्ड, कोरेमंगला, बसवेशनगर, यालहंका और सदाशिवनगर के स्कूल शामिल हैं। मामले की गंभीरता को समझते हुए पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया है।